पंडरिया।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में पतंजलि परिवार पंडरिया द्वारा प्रोटोकॉल आधारित योगाभ्यास एवं यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन कनक भवन पंडरिया में किया गया। कार्यक्रम में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में योग साधक भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी अजय चंद्रवंशी द्वारा निर्धारित 45 मिनट के कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ अनुष्ठान संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान योग ऋषि स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण के संदेशों का वाचन किया गया। संदेश में कहा गया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा के समग्र विकास का विज्ञान है। नियमित योग एवं प्राणायाम से व्यक्ति रोगमुक्त, तनावमुक्त और ऊर्जावान जीवन जी सकता है। उन्होंने प्रत्येक परिवार तक योग को पहुंचाने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवल किशोर पांडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल कर हम स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।

इस अवसर पर संग्राम चंद्रवंशी ने कहा कि वे कई वर्षों से नियमित योग कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप वे स्वयं को स्वस्थ एवं प्रसन्न अनुभव करते हैं। संरक्षक नकुल चंद्राकर ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
मीडिया प्रभारी विजय चंदेल ने कहा कि स्वामी रामदेव के योग संदेश को घर-घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। स्वयं योग करें और अपने परिवार तथा समाज को भी योग के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि “तंदुरुस्ती हजार नियामत है।” जब हमारा तन और मन स्वस्थ होगा तभी हम जीवन को सुखमय, सफल एवं आनंदमय बना सकेंगे।
कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति तहसील प्रभारी रोहित जायसवाल, भारत स्वाभिमान न्यास तहसील प्रभारी दिनेश चंद्रवंशी, महामंत्री भागवत चंद्राकर, संरक्षक नकुल चंद्राकर, युवा भारत प्रभारी आशुतोष चंद्रवंशी, किसान सेवा समिति सह प्रभारी परदेसी पटेल, संतोष निषाद, खगेश, शिवहरण, हेमंत साहू, राधेश्याम ठाकुर, सोनू ठाकुर, भागीरथी पात्रे, गौरीशंकर गुप्ता, नारायण गुप्ता, संतोष साहू, अशोक तथा महिला पतंजलि योग समिति से संगीता हलवाई, शैल तिवारी, मीनाक्षी ठाकुर एवं लता जायसवाल सहित बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।






