ध्यान योग, लाफ्टर योग एवं जुम्बा योग के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर), भरर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों द्वारा विविध योग गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार ध्यान योग, लाफ्टर योग, जुम्बा योग तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन न होकर दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को प्रतिदिन कम से कम दस मिनट योग के लिए निकालने की प्रेरणा दी तथा योग को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का आधार बताया।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार, जामगांव (आर) से पधारे डॉ. तिलक साहू ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को विभिन्न योगाभ्यास कराए तथा उनके स्वास्थ्यगत लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं, कमर दर्द, साइटिका, वैरिकोज वेन तथा उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं में लाभकारी योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
क्रीड़ा प्रभारी डॉ. नरेश धर दीवान ने योगाभ्यास की सही विधि, योग से पूर्व एवं पश्चात बरती जाने वाली सावधानियों तथा नियमित अभ्यास के महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया। ध्यान योग के माध्यम से विद्यार्थियों ने मानसिक शांति एवं एकाग्रता का अनुभव किया, वहीं योगाभ्यास के पश्चात जुम्बा योग ने कार्यक्रम में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लाफ्टर योग के माध्यम से हँसने, प्रसन्न रहने एवं सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए “बेस्ट योग पोज प्रतियोगिता” का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर की कु. प्रेरणा बंजारे एवं बी.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर की कु. झमिता मंडावी को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्रदान किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित कर्मयोगी ऐप के माध्यम से आयोजित ऑनलाइन योग पाठ्यक्रम को महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों द्वारा पूर्ण कर प्रमाण-पत्र प्राप्त किए गए। इसके अतिरिक्त हैबिट योग संस्था द्वारा आयोजित 14 से 21 दिवसीय ऑनलाइन योग प्रशिक्षण कार्यक्रम को भी महाविद्यालय की प्राचार्य सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सफलतापूर्वक पूर्ण कर प्रमाण-पत्र अर्जित किए।
कार्यक्रम का सफल संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी द्वारा महाविद्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने का संदेश दिया गया।