International Yoga Day : योग दिवस आज, PM कोलकाता से करेंगे आगाज; दुनियाभर में 2,500 जगहों पर कार्यक्रम

सीजी मितान डेस्क।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज यानी रविवार को दुनियाभर में 2,500 स्थानों पर मनाया जाएगा। यह 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है, जिसकी थीम स्वस्थ उम्र के लिए योग रखी गई है। यह सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए योग के महत्व को रेखांकित करती है। देश में मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित होगा, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वहीं, केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय देशभर के 100 प्रतिष्ठित स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित करेगा। ताकि भारत की सांस्कृतिक विरासत और योग परंपरा को एक साथ प्रदर्शित किया जा सके। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के समन्वित प्रयासों से इस बार दुनिया के लगभग 2,500 स्थानों पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में 210 से अधिक भारतीय मिशन भागीदारी करेंगे। 

केंद्रीय मंत्री मांडविया और अक्षय कुमार नई दिल्ली के जेएलएन स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 21 जून (रविवार) को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले और खेल और श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और अभिनेता अक्षय कुमार हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले इस खास फिट इंडिया कार्यक्रम में लगभग 3,000 लोगों के इकट्ठा होने की उम्मीद है। इसमें मशहूर योग प्रशिक्षक अंशुका परवानी का एक खास योग सत्र भी होगा। अंशुका ने योग को फिटनेस के प्रति सजग रहने वालों और मशहूर व्यक्तियों के बीच लोकप्रिय बनाने में बड़ा योगदान दिया है। रविवार को होने वाले कार्यक्रम में एथलीट, विद्यार्थी, वरिष्ठ नागरिक, फिटनेस के प्रति सजग रहने वाले, और योग करने वाले शामिल होंगे।

‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ है योग दिवस की थीम

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ यानी ‘स्वस्थ उम्र के लिए योग’ रखी गई है। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव के अनुसार, भारत आज दुनिया की सबसे युवा आबादी वाले देशों में शामिल है, लेकिन आने वाले दशकों में बुजुर्गों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। ऐसे में योग को स्वस्थ और सक्रिय जीवन का आधार बनाने के उद्देश्य से इस विषय का चयन किया गया है।

हुगली नदी में 500 से ज्यादा नौकाओं पर हजारों लोग करेंगे योग

कोलकाता में हुगली नदी में योग दिवस का एक अनोखा आयोजन देखने को मिलेगा। राज्य सरकार और आयुष मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से 500 से अधिक नौकाओं पर हजारों प्रतिभागी एक साथ योगासन और प्राणायाम करेंगे। नदी के बीच होने वाले इस विशेष कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नदी पुलिस, आपदा प्रबंधन बल और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहेंगी।

रेड रोड पर करीब 35 हजार लोगों के साथ योगाभ्यास करेंगे पीएम मोदी

पश्चिम बंगाल पहली बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय मुख्य समारोह की मेजबानी कर रहा है, जिसके तहत कोलकाता और हुगली नदी के किनारे भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। राजधानी कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 35 हजार लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। इस आयोजन को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां कई दिनों से जारी थीं। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए पूरे क्षेत्र में विशेष प्रबंध किए गए हैं।