IPL 2026: नीलामी में करोड़ों में बिके, उम्मीदों पर खरा नहीं उतरे ये पांच खिलाड़ी; जानें कैसा रहा है प्रदर्शन

IPL2026.आईपीएल 2026 का सीजन जारी है और सभी टीमें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जोर लगा रही हैं। मौजूदा सीजन में अधिकतर टीमों ने सात मैच खेल लिए हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जो अब तक उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में…

कैमरन ग्रीन: ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर को खरीदने के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 25.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे। हालांकि, ग्रीन ने इस सीजन खेले अब तक सात मुकाबलों में अपने प्रदर्शन से खासा निराश किया है। ग्रीन के बल्ले से सात पारियों में 27 की औसत और 151 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 162 रन निकले हैं। यह हाल तब है जब उन्हें ज्यादातर बल्लेबाजी करने का मौका शीर्ष क्रम में मिला है। शुरुआती चार मुकाबलों में ग्रीन पीठ की समस्या के कारण गेंदबाजी नहीं कर सके थे, जबकि आखिरी तीन मुकाबलों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने महज एक विकेट निकाला है और उनका इकोनॉमी 14.16 का रहा है।

लियाम लिविंगस्टन: इंग्लैंड के बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 करोड़ रुपये में खरीदा था। लिविंगस्टन से उम्मीद थी कि वह अपनी तूफानी बल्लेबाजी से अकेले दम पर मुकाबलों का रुख पलटेंगे। हालांकि, इंग्लिश बल्लेबाज फिलहाल इस सीजन बुरी तरह से संघर्ष करता नजर आया है। उन्हें दो मुकाबलों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने सिर्फ 15 रन बनाए हैं। 

कार्तिक शर्मा: चेन्नई सुपर किंग्स ने विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा के लिए नीलामी पर कई फ्रेंचाइजियों से जंग लड़ने के बाद उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। हर किसी की नजरें कार्तिक की बल्लेबाजी पर थीं, लेकिन आईपीएल 2026 में वह अब तक बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं। कार्तिक ने तीन मुकाबलों में 119 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए महज 25 रन ही बनाए हैं।

फिन एलेन: कोलकाता नाइट राइडर्स ने फिन एलेन को दो करोड़ रुपये खर्च करते हुए टीम में शामिल किया था। एलेन ने टी20 विश्व कप 2026 में सिर्फ 33 गेंदों में शतक लगाया था। यही वजह थी कि आईपीएल 2026 में उनकी तूफानी बल्लेबाजी देखने को हर कोई बेकरार था। हालांकि, न्यूजीलैंड का यह बल्लेबाज अब तक उम्मीदों पर अब तक खरा नहीं उतर सका है। एलेन ने पांच पारियों में 16.20 की औसत से महज 81 रन ही बनाए हैं। सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलने के बावजूद एलेन अब तक बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं।

ग्लेन फिलिप्स: न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स को गुजरात टाइटंस ने दो करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, फिलिप्स अपने प्रदर्शन से उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं। उन्होंने छह मुकाबलों में 16.75 की औसत और 124 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए सिर्फ 67 रन बनाए हैं। तूफानी बल्लेबाजी के लिए मशहूर फिलिप्स का स्ट्राइक रेट टूर्नामेंट में सिर्फ 124.07 का रहा है। फीलिडंग में लेकिन उनका दम दिख रहा है।