रायपुर।छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इस सीजन दो IPL मुकाबले खेले जाएंगे, जिनकी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके साथ ही टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, पहला मुकाबला 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होगा। दोनों मुकाबले शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
टिकट खरीदने के लिए केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत वेबसाइट या एजेंटों से टिकट लेने पर धोखाधड़ी का खतरा हो सकता है।
स्टेडियम एंट्री को लेकर गाइड जारी
दर्शकों को मिलने वाले एम-टिकट में स्टैंड, सीट नंबर, एंट्री गेट और अन्य जरूरी जानकारी दी जाएगी। स्टेडियम में पहुंचने से पहले अपने गेट और स्टैंड की जानकारी जांच लेना जरूरी होगा। साथ ही स्टेडियम मैप के जरिए पार्किंग, मेडिकल सुविधा और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स की जानकारी भी ली जा सकती है।
टीमों का आगमन और तैयारी
बताया जा रहा है कि बेंगलुरु की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और मैच से पहले अभ्यास करेगी। वहीं मुंबई की टीम भी इसी दौरान राजधानी पहुंच सकती है।
टिकट कीमतें क्या होंगी?
टिकट की शुरुआती कीमत करीब 2000 रुपये रखी गई है। इसके अलावा 2500, 3500, 5000 और 8000 रुपये तक की कैटेगरी उपलब्ध रहेगी। खास बात यह है कि प्लैटिनम सीटों के सामने लगे ग्लास पैनल हटा दिए गए हैं, जिससे दर्शकों को बेहतर व्यू मिलेगा।






