रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) के पद पर नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने सोमवार 16 जून 2026 को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज की नियुक्ति केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर एनआईए में आईजी के पद पर की गई है। यह नियुक्ति मौजूदा रिक्त पद के विरुद्ध सामान्य केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की शर्तों के तहत की गई है।

मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर अनुरोध किया है कि पी. सुंदरराज को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।

आदेश की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक, एनआईए महानिदेशक तथा संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। मंत्रालय ने एनआईए से अधिकारी के कार्यभार ग्रहण करने की तिथि की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
पी. सुंदरराज छत्तीसगढ़ में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं और उनकी गिनती राज्य के अनुभवी एवं कुशल पुलिस अधिकारियों में होती है। उनकी एनआईए में नियुक्ति को छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।






