पंडरिया।जगन्नाथ पब्लिक स्कूल रापा पेंड्रकला में वार्षिक उत्सव का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री अर्जुन तिवारी, विशिष्ट अतिथि श्री नंदलाल चंद्राकर,श्री मनोहर चंद्राकर एवं उपस्थित सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, नाटक तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत और यादगार बना दिया।


इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री राजेश चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास करना भी है। वहीं विद्यालय की प्राचार्य सुश्री मनमीत कौर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन कर कार्यक्रम को सफल बनाया।






