पाटन। जनपद पंचायत पाटन के क्षेत्र क्रमांक 4 में होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सदस्य पद के लिए अंतिम दिन कुल पांच प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। मैदान में भाजपा, कांग्रेस और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी सहित अन्य प्रत्याशी उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है, हालांकि वर्तमान समीकरणों में चुनाव भाजपा और कांग्रेस के बीच सिमटता नजर आ रहा है।
नामांकन दाखिल करने वालों में भाजपा समर्थित प्रत्याशी सुरेंद्र साहू, कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती उर्वशी साहू, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के भूपेंद्र साहू, नरेंद्र गायकवाड़ तथा चंदन लाल सिंगौर शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार पाहंडा क्षेत्र से तीन तथा सांकरा क्षेत्र से दो प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किया है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो अब तक दाखिल नामांकनों में भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र साहू सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरते दिखाई दे रहे हैं। भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहने, क्षेत्र में लगातार संपर्क और राजनीतिक अनुभव का उन्हें फायदा मिल सकता है।
वहीं कांग्रेस ने दिवंगत जनपद सदस्य शैलेश साहू के निधन के बाद सहानुभूति वोट को ध्यान में रखते हुए उनकी पत्नी श्रीमती उर्वशी साहू को मैदान में उतारा है। कांग्रेस कार्यकर्ता इसे भावनात्मक मुद्दा बनाकर मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति में जुटे हैं।
इधर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने भी भूपेंद्र साहू को प्रत्याशी बनाकर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की है। हालांकि क्षेत्रीय समीकरणों और संगठनात्मक मजबूती को देखते हुए मुख्य लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच मानी जा रही है।
उपचुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में चर्चाओं का दौर तेज है और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान के साथ चुनावी माहौल और गरमाने की संभावना जताई जा रही है।





