पाटन। जनपद पंचायत पाटन के क्षेत्र क्रमांक 4 में सदस्य पद के लिए होने वाले उपचुनाव के तहत मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए मतदान दलों को रविवार को पाटन से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत पाटन के क्षेत्र क्रमांक 4 में सदस्य पद के लिए 1 जून को मतदान कराया जाएगा। इसके साथ ही भंसुली, उमरपोटी एवं गौड़पेडरी ग्राम पंचायतों में रिक्त वार्ड पंच पदों के लिए भी मतदान होगा।
मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ बसों के माध्यम से मतदान केंद्रों के लिए भेजा गया। इस दौरान निर्वाचन अधिकारियों ने मतदान कर्मियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारू मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशासन ने क्षेत्र के मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की है।






