तीज मनाने बहन के घर जा रही महिला के बैग से 2.31 लाख के गहने चोरी, चलती बस में हुई चोरी

नंदिनी अहिवारा। तीज पर्व मनाने अपनी बड़ी बहन के घर जा रही महिला के बैग से भीड़भरी बस में सोने के आभूषण और नकदी चोरी हो गई। पीड़िता ने देवकर पुलिस चौकी में अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

अहिवारा नंदिनी टाउनशिप के वार्ड क्रमांक 9 निवासी ममता ठाकुर 12 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ नवीन ट्रांसपोर्ट की बस क्रमांक सीजी 04 ईए 0473 से थान खम्हरिया जा रही थीं। वह तीज पर्व के लिए अपनी बड़ी बहन के घर जा रही थीं। बस में भीड़ अधिक होने के कारण वह खड़ी होकर हैंडल पकड़कर सफर कर रही थीं।

ममता के अनुसार, उनके लेडिज बैग के अंदर छोटे पर्स में सवा तोला सोने का हार, एक जोड़ी सोने की बालियां और 1500 रुपए नकद रखे थे। देवकर बस स्टैंड पहुंचने पर करीब 2:20 बजे बैग की चेन खुली मिली और पर्स गायब था। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई गई है। महिला ने बहन किरण राजपूत के साथ देवकर चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है