Job Alert : रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 7-8 अक्टूबर को, 8 हजार से अधिक पदों पर होगी भर्ती…रायपुर के इंडोर स्टेडियम में लगेगा मेला, युवाओं को मुख्यमंत्री के हाथों मिलेंगे ऑफर लेटर

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा आगामी 07 और 08 अक्टूबर 2026 को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का विशाल आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस मेले को सफल बनाने और जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए दुर्ग जिला प्रशासन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। शासन के निर्देशानुसार, जिले के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से इस आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक इसकी जानकारी पहुँच सके।


इस राज्य स्तरीय रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के लगभग 8,000 से अधिक पदों पर भर्तियां की जाएंगी, जिनमें और भी वृद्धि होने की संभावना है। प्राप्त निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया हैं कि वे जिले के प्रमुख वृहद् उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों को भी इस मेले में शामिल होने तथा रिक्त पदों को भरने के लिए प्रोत्साहित करें।

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी राज्य सरकार के अधिकृत पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। आयोजन के दौरान पूर्व में आयोजित जिला एवं राज्य स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित युवाओं को मुख्यमंत्री के करकमलों से नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) भी प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की सूची 01 अक्टूबर 2026 तक तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। जिला प्रशासन ने जिले के सभी शिक्षित एवं योग्य युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपना पंजीयन सुनिश्चित करें।