जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने पाटन में आवाज बुलंद की, छग क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल ने लगाई दहाड़, पाटन में अमित बघेल का जोशीला स्वागत

पाटन । रविवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने और उसे और अधिक मजबूत बनाने को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में शामिल और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश प्रमुख अमित बघेल तथा जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अजय यादव विशेष रूप से पाटन पहुंचे। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोशीले अंदाज में स्वागत किया और बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।

रैली के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महामाया मंदिर, शीतला मंदिर, छत्तीसगढ़ महतारी और मिनी माता की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद स्वामी आत्मानंद चौक पहुंचकर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वहां से काफिला साहू सदन पहुंचा, जहां संयुक्त बैठक आयोजित हुई।

बैठक में बड़ी संख्या में दोनों संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, छत्तीसगढ़िया अस्मिता, स्थानीय अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करने पर चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। पाटन में आयोजित इस बैठक को दोनों संगठनों की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस अवसर कर मुख्य रूप से मधुकांत साहू, अशोक साहू, पुष्पेंद्र साहू, सहित बड़ी संख्या में महिला पुरुष मौजूद रहे।