डोंगरगांव विधानसभा में जारी है हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा, सशक्‍त देश के लिए कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ रही कांग्रेसी – महेंद्र यादव

केशव साहू

राजनांदगांव।

कांग्रेस की राष्‍ट्रीय पदयात्रा भारत जोड़ो की तर्ज पर डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र में हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा 26 जनवरी से जारी है। यात्रा में संगठन के पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं सहित जनप्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं। यात्रा को ग्रामीणों का अच्‍छा प्रतिसाद मिल रहा है। यात्रा में शामिल सभी घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं।

जिला पंचायत सदस्‍य व प्रदेश किसान कांग्रेस के महामंत्री महेंद्र यादव लगातार यात्रा में शामिल होकर नागरिकों के बीच पहुंच रहे हैं। उन्‍होंने बताया कि यात्रा को 14 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान हमने प्रतिदिन लगभग 10 किमी की यात्रा की है। डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के हर एक गांव तक पहुंचना हमारा उद्देश्‍य है। उन्‍होंने कहा कि – सशक्‍त देश के लिए कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ने निकले हैं।

उन्‍होंने कहा कि – कांग्रेस नेतृत्‍व ने हमें बड़ी जिम्‍मेदारी सौंपी है। पार्टी की विचारधारा और आपसी भाईचारे का संदेश लिए हर एक कांग्रेसी घर-घर दस्‍तक देकर नागरिकों से चर्चा कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने कन्‍हाकुमारी से कश्‍मीर तक की यात्रा पूरी कर भारत जोड़ने और मतभेद दूर करने का संदेश दिया। हाथ से हाथ जोड़ो के माध्‍यम से यही अलख हम गांवों में जगा रहे हैं।

जिपं सदस्‍य महेंद्र यादव ने मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्‍व वाली राज्‍य सरकार के जनहितैषी निर्णयों के संबंध में कहा कि – बीते चार वर्षों में कांग्रेस सरकार ने लोगों की खुशहाली के लिए कई बड़ी योजनाएं लागू की। अपने वायदों पर खरा उतरते हुए मुख्‍मयंत्री भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल के पहले ही दिन किसानों की कर्जमाफी कर उन्‍हें राहत दी। न्‍याय योजना के माध्‍यम से उन्‍होंने अन्‍नदाताओं को आर्थिक रुप से सशक्‍त बनाया और उपज को उचित मूल्‍य दिया जा रहा है। जल्‍द ही बेरोजगारों को 25 सौ रुपए भत्‍ता दिए जाने की शुरुआत हो जाएगी। गौधन और पारंपरिक व्‍यवसायों को सरकार ने बढ़ावा देकर आजिविका के कई रास्‍ते खोल दिए हैं और इसमें सरकार सहयोग भी कर रही है।

उन्‍होंने कहा कि‍- हर स्‍तर पर सरकार ने छत्‍तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने और इसे सशक्‍त बनाने का काम किया है। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीण अपनी खुशहाली की दास्‍तां खुद ही बयां कर रहे हैं। यादव ने कहा कि – सरकार की योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिल रहा है। जनसंपर्क के दौरान हम उनसे क्षेत्रीय समस्‍याओं और दूसरी आवश्‍यकताओं पर भी चर्चा कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि – पार्टी के हर कार्यकर्ता ने हाथ से हाथ थामकर ही प्रदेश के विकास का संकल्‍प लिया है और इसे पूरा कर रहे हैं।

यात्रा में नरेश शुक्ला, वीरेंद्र बोरकर, चेतन साहू, किरीत साहू, गणेश साहू, डॉक्टर नरेंद्र साहू, श्रीमती संध्या साहू, अरुणा देवांगन,श्रुति शुक्ला, महेंद्र वैष्णव, मुरली निषाद, जितेंद्र चुनारकर, सांवल दास साहू, महादेव ठाकुर, श्रीमती दीपिका साहू, श्रीमती जमुना साहू, बलीराम साहू, गेंदलाल साहू, गणेश साहू, कमल नारायण वैष्णव, चूम्मन साहू, ललित मंडावी, सुयश नाहटा, नीलम गोस्वामी, कुलेश्वर साहू, टिकेश्वर साहू, संदीप रत्नाकर सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता व ग्रामीण शामिल होकर यात्रा को सफल बनाने परिश्रम कर रहे हैं।