पाटन। 24 जून को पाटन क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां एक साथ देखने को मिलेंगी। एक ओर जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार के निर्देशानुसार पाटन विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे सूची 2.0 का वाचन किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार जिला कांग्रेस के निर्देश पर पाटन स्थित कुर्मी भवन में 24 जून को सुबह 11 बजे से युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। शिविर में संगठन की मजबूती, आगामी चुनावों की रणनीति तथा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इधर, पाटन ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे सूची 2.0 को पढ़कर सुनाया जाएगा। ग्राम सभाओं में हितग्राहियों के नामों का सत्यापन किया जाएगा तथा ग्रामीणों से आपत्तियां और सुझाव भी लिए जाएंगे।
गौरतलब है कि कई ग्राम पंचायतों में सर्वे सूची को लेकर ग्रामीणों ने त्रुटियों की शिकायत की है। आरोप है कि कई पात्र और जरूरतमंद परिवारों के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए हैं, जबकि कुछ अपात्र लोगों के नाम दर्ज होने की बात भी सामने आ रही है। ऐसे में 24 जून को आयोजित होने वाली ग्राम सभाएं ग्रामीणों के लिए अपनी बात रखने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती हैं।
क्षेत्र में चर्चा है कि एक ओर राजनीतिक दल अपने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण आवास योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की सूची को लेकर ग्राम सभाओं में व्यापक चर्चा होने की संभावना है।






