दुर्ग/भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में शनिवार दोपहर कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में जूनियर एसोसिएट इंजीनियर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय विनोद कुमार यादव के रूप में हुई है, जो यूआरएम विभाग के क्रेन मेंटेनेंस डिपार्टमेंट में पदस्थ थे।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 4 बजे विनोद कुमार यादव ओवरहेड क्रेन पर मेंटेनेंस कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक तेज विद्युत करंट लग गया। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं भट्ठी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर हादसा विद्युत शॉक लगने से होना बताया जा रहा है। पुलिस और संयंत्र प्रबंधन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।

इस हादसे से संयंत्र के कर्मचारियों में शोक की लहर है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






