ग्राम भनसुली में ज्योत-ज्वारा विसर्जन धूमधाम से सम्पन्न

पाटन।।

ग्राम भनसुली में चैत्र नवरात्रि के समापन पर ज्योत-ज्वारा विसर्जन कार्यक्रम श्रद्धा, उल्लास और अनुशासन के साथ बड़े ही धूम-धाम से सम्पन्न हुआ। स्थानीय सेवा भजन मंडलियों ने माता की सेवा-आराधना करते हुए भक्तिभाव से ज्योत-ज्वारा को पूरे गाँव में नगर भ्रमण कराया। भक्ति-गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस वर्ष गाँव में श्री अवधराम सोनवानी के परिवार द्वारा तथा माँ शीतला मंदिर प्रांगण में ज्योति-ज्वारा बोया गया था। श्रद्धालुओं द्वारा आस्था के कुल 67 ज्योत प्रज्वलित किए गए। पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना के उपरांत ज्योति-ज्वारा को गाँव भ्रमण कराते हुए शीतला मंदिर तालाब पर विधिपूर्वक विसर्जित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में माताएँ-बहनें माता की भक्ति में लीन रहीं और कई माताओं ने ज्योति-कलश व ज्वारा को सिर पर धारण कर श्रद्धा व्यक्त की।माता के भक्तों ने आना बाना सांगा धारण किए।पूरा गांव भक्ति मय वातावरण से गूंज उठा।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष व वर्तमान विधायक प्रतिनिधि श्री अशोक कुमार साहू जी सम्मिलित हुए। उन्होंने ज्योत-ज्वारा की पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया और समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की मंगल कामना की।

श्री साहू ने कहा “ज्योत-ज्वारा हमारी आस्था, अनुशासन और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है। हमारे गांव की माताओं-बहनों, युवाओं और बुजुर्गों ने जिस समर्पण से नौ दिनों तक साधना की और आज नगर भ्रमण व विसर्जन को सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न किया, वह गाँव की जीवंत संस्कृति को दर्शाता है। माँ शीतला से प्रार्थना है कि हमारे किसान, महिलाएँ, युवा और बुजुर्ग—सभी स्वस्थ, समृद्ध और सुरक्षित रहें। आइए, इस ऊर्जा को सेवा, स्वच्छता और समरसता के कार्यों में लगाएँ।”

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, महिला, युवा साथी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।