पाटन: सद्गुरु कबीर साहेब पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में कबीर पंथी समाज ने सौंपा ज्ञापन, FIR दर्ज करने की मांग

पाटन। संत शिरोमणि सद्गुरु कबीर साहेब के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में SKDV मिशन पाटन तहसील एवं समस्त कबीर पंथी समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), पाटन को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि हरियाणा के एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर सद्गुरु कबीर साहेब के संबंध में अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी प्रसारित की गई है। इससे कबीर पंथी समाज और सद्गुरु कबीर साहेब के अनुयायियों की धार्मिक एवं भावनात्मक भावनाएं आहत हुई हैं।

समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज करने और उचित वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सोशल मीडिया पर धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आग्रह किया।

ये रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से दुर्ग जिला सलाहकार महंत श्यामदास साहेब, महंत पुकेश्वर दास, जिला युवा प्रमुख तुलेश साहू, तहसील सलाहकार ताम्रध्वज, खिलावन दास, महंत योगेश दास, तहसील प्रतिनिधि जागृत साहू, हिम्मत दास मानिकपुरी, महिला प्रतिनिधि दिनेश्वरी साहू एवं विमला साहू, युवा प्रतिनिधि पुनेन्द्र कुमार, रोहित दास, सूर्यकांत, टीकाराम, झादास, किशन दास, पुरबल, चिम्मन दास, अनुज दास एवं कृष्ण कुमार सहित SKDV मिशन के पदाधिकारी और कबीर पंथी समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर SKDV मिशन पाटन तहसील की ओर से कहा गया कि समाज अपनी धार्मिक आस्था एवं संत परंपरा के सम्मान को लेकर सजग है। समाज किसी भी प्रकार के विवाद या अशांति को बढ़ावा देने के पक्ष में नहीं है। समाज चाहता है कि पूरे मामले का शांतिपूर्ण एवं कानूनी तरीके से समाधान हो तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।