पाटन। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की स्थापना की तृतीय वर्षगांठ के अवसर पर ग्राम फुंडा में भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को ग्राम में कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा पूरे गांव में भ्रमण करते हुए पूजा स्थल तक पहुंची।
आयोजन समिति के अनुसार 22 जनवरी को पांच कुंडीय यज्ञ का विधिवत आयोजन किया जाएगा। यज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां दी जाएंगी और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सायंकाल भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
इसके अलावा भजन मंडली द्वारा भक्ति भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर रहेगा। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी मिलकर सहयोग कर रहे हैं।







