पंडरिया-कबीरधाम जिले में जिला स्तरीय युवा उत्सव 5 दिसम्बर को शारदा संगीत महाविद्यालय कवर्धा में आयोजित किया गया।जिसमें नगर की शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला पंडरिया की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एकांकी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर राजधानी रायपुर में होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई ।खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित युवा उत्सव कार्यक्रम कबीरधाम जिले के चारों विकासखण्ड में 1 से 4 दिसम्बर तक आयोजित किया गया जिसमें विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई । इस प्रतियोगिता में 15 से 29 आयु वर्ग के विद्यार्थियों और युवक युवतियां भाग ले सकते थे । सांस्कृतिक प्रभारी व्याख्याता शैल बिसेन के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से इस आयोजन में कन्या शाला की छात्राओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और ‘शिक्षा के महत्व” शीर्षक पर उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्राओं के अभिनय कौशल और शिक्षाप्रद विषय वस्तु की सभी दर्शकों सहित निर्णायकों ने सराहना की।
जिला स्तरीय एकांकी प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम के लिए चयनित होकर कन्या शाला की छात्राओं ने पंडरिया विकासखण्ड का नाम रौशन किया है। राज्य स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम राजधानी रायपुर में 22 से 24 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। युवा उत्सव आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संस्कृति से जोड़ना एवं प्रतिभाओ को निखारना व मंच प्रदान करना है।शाला की प्राचार्य एन के एक्का ने इस शानदार उपलब्धि पर प्रभारी शिक्षिका शैल बिसेन ,प्रतिभागी छात्राओं एवं सहयोगी शिक्षक एस एस गिरी एवं डी डी चेलक को विशेष रूप से बधाई देते हुए उत्साह वर्धन किया । खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला प्रभारी एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एम. के. गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।







