संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय मर्रा में कारगिल विजय दिवस का हुआ आयोजन,शहीदों को किया नमन

पाटन।संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय, मर्रा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई द्वारा कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य एवं राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया गया।


कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि 26 जुलाई केवल एक तारीख नहीं, बल्कि हमारे वीर सैनिकों के त्याग, समर्पण और अटूट राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के अंत में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।