करसा गैस गोदाम अक्सर बंद, उपभोक्ता परेशान; कालाबाजारी के आरोप


पाटन।
करसा स्थित गैस गोदाम के अक्सर बंद रहने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोग एजेंसी का चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन अधिकांश समय गोदाम बंद मिलता है।
आज सुबह से कई हितग्राही गैस सिलेंडर लेने पहुंचे, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका। घंटों इंतजार के बाद भी व्यवस्था सुचारू नहीं हो पाई, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
एक हितग्राही ने बताया कि वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें सिरसा का पता बताया और कहा कि वहां से करीब 1150 रुपये में गैस सिलेंडर मिल जाएगा। उपभोक्ताओं का आरोप है कि इस तरह गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की जा रही है और जरूरतमंदों को परेशान किया जा रहा है।
गैस सिलेंडर नहीं मिलने से उपभोक्ता खासे परेशान हैं। दैनिक उपयोग की इस आवश्यक वस्तु के लिए भटकना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि खाद्य विभाग और स्थानीय प्रशासन को इसकी खबर तक नहीं है। क्षेत्र में लगातार मॉनिटरिंग के अभाव के कारण स्थिति बिगड़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।