दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण अंतर्गत युवाओं में कौशल विकास के संबंध में जागरूकता एवं मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजनांतर्गत कौशल विकास प्रशिक्षित तथा प्रशिक्षणरत युवाओं को अपने तकनीकी कौशल का मूल्यांकन एवं प्रदर्शन का अवसर प्रदान किया जाएगा। जिसके तहत् युवाओं में आत्मविश्वास तथा प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करते हुए इंडिया स्किल 2025 और वर्ल्ड स्किल 2026 के लिये संभावित प्रतिभाओं की पहचान एवं चयन करने के उद्देश्य से कौशल तिहार-2025 का आयोजन किया जा रहा है।

जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक से प्राप्त जानकारी के अनुसार कौशल तिहार 2025 के अंतर्गत जिला स्तर पर विभिन्न 07 ट्रेड रिनेबल एनर्जी, हेल्थ एंड सोशल केयर, फील्ड टेक्निशियन इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाईल फोन टेक्निशयन इलेक्ट्रॉनिक्स, डेस्कटॉप पब्लिसिंग, इलेक्ट्रिकल इस्टालेशन और प्लबिंग एवं हीटिंग ट्रेडों में कौशल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रत्येक ट्रेड से 02 विजेता चुने जायेंगे, जो राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेगें। जिला स्तर के विजेता प्रतिभागी राज्य स्तर पर 28 जुलाई 2025 से 30 जुलाई 2025 तक होने वाले राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में भाग लेंगें।
जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता 21 जुलाई 2025 से 23 जुलाई 2025 तक निम्न स्थानों में आयोजित की जा रही है। 21 जुलाई को पूर्वान्ह 10.00 से अपरान्ह 01.00 बजे तक रिनेवेबल एनर्जी ट्रेड में सोलर पीवी इंस्टॉलर तथा सोलर पंप टेक्निशियन कोर्स की प्रतियोगिता एवं दोपहर 12.00 बजे से अपरान्ह 03.00 बजे तक ऋषिकेश एजुकेशन सोसायटी, धनोरा में इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन ट्रेड में असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इसी प्रकार 22 जुलाई को अनुभव कौशल केन्द्र, खुर्सीपार भिलाई में प्रातः 10.00 बजे से अपरान्ह 01.00 बजे तक हेल्थ एंड सोशल केयर ट्रेड में जनरल ड्यूटी असिस्टेंट कोर्स की प्रतियोगिता और दोपहर 12.00 बजे से अपरान्ह 03.00 बजे तक शासकीय आई.टी.आई. दुर्ग में प्लंबिंग एंड हीटिंग ट्रेड में जल वितरण संचालक कोर्स की प्रतियोगिता होगी। 23 जुलाई को स्किल ज़ोन, नेहरू नगर भिलाई में प्रातः 10.00 बजे से अपरान्ह 01.00 बजे तक फील्ड टेक्निशियन-इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में फील्ड टेक्निशियन कंप्यूटिंग एंड पेरिफेरल कोर्स की प्रतियोगिता और दोपहर 12.00 बजे से अपरान्ह 03.00 बजे तक एडवांस हाईटेक इंस्टीट्यूट भिलाई प्रिय दर्शनी परिसर सुपेला भिलाई में मोबाइल फ़ोन टेक्निशियन-इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में मोबाइल फ़ोन हार्डवेयर रिपेयर टेक्निशियन कोर्स के अलावा बी.डी.एस. कॉलेज, बाबादीप सिंह नगर भिलाई में ग्राफिक डिज़ाइन टेक्नोलॉजी/डेस्कटॉप पब्लिशिंग ट्रेड में एसोसिएट डेस्कटॉप पब्लिशिंग कोर्स की प्रतियोगिता होगी।






