खैरागढ़: सागौन के जंगल में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटा वन विभाग

खैरागढ़। खैरागढ़ क्षेत्र के मानपुर नाका अंतर्गत दौजरी इलाके में स्थित सागौन के जंगल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग तेजी से जंगल के बड़े हिस्से में फैल गई, जिससे सागौन के पौधों एवं वन संपदा को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जिस क्षेत्र में आग लगी है वहां सागौन के पेड़ लगाए गए थे। आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। विभागीय कर्मचारी एवं स्थानीय लोग भी आग बुझाने में सहयोग कर रहे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल प्राथमिकता आग को फैलने से रोकने और जंगल को सुरक्षित बचाने की है। आग की घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है, वहीं वन विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल क्षेत्रों में आग से संबंधित किसी भी गतिविधि से बचें तथा ऐसी कोई जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें।