पाटन। लगातार हो रही बारिश के बीच खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके चलते पाटन क्षेत्र के केसरा गांव में 25 से अधिक घरों में पानी घुस गया है, जबकि भाठापारा में भी स्थिति खराब बताई जा रही है। पानी बढ़ने से प्रभावित परिवार अपने घरों से सामान बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम पाटन उत्तम कुमार ध्रुव, तहसीलदार मनोज गुप्ता, अतिरिक्त तहसीलदार मनोज रस्तोगी और नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह अलग-अलग प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर मौके का निरीक्षण कर रहे हैं। प्रशासन की टीम जलस्तर और प्रभावित इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

बिजली कनेक्शन काटने की मांग
केसरा में घरों में पानी घुसने के बाद ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्र की बिजली सप्लाई तत्काल बंद करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी भरने के बावजूद बिजली लाइन चालू रहने से करंट प्रवाहित होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रभावित इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करने की मांग की गई है।

खारुन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। प्रशासन की टीम प्रभावित परिवारों की स्थिति पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।






