खारुन नदी उफान पर: महादेव घाट पुल के ऊपर से बह रहा पानी, पाटन-रायपुर मार्ग बंद

पाटन। लगातार बढ़ रहे खारुन नदी के जलस्तर के चलते अमलेश्वर स्थित महादेव घाट पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। पानी बढ़ने के बाद पाटन से रायपुर आने-जाने वाला मार्ग बंद हो गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।

स्थिति की जानकारी मिलते ही एसडीएम पाटन उत्तम कुमार ध्रुव मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा लोगों से जलभराव वाले क्षेत्र में जाने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

वहीं, अमलेश्वर क्षेत्र में कुछ लोगों के पानी के बीच फंसने की भी सूचना सामने आई है। हालांकि उनकी स्थिति को लेकर प्रशासनिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।