खारुन नदी का जलस्तर बढ़ा, नदी किनारे बस्तियों में अलर्ट, एसडीएम पाटन ने पटवारी, कोटवार और पंचायत सचिवों को दिए सतर्क रहने के निर्देश

पाटन। खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर नदी किनारे बसे गांवों और बस्तियों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। पाटन एसडीएम उत्तम कुमार ध्रुव ने सभी पटवारियों, कोटवारों और पंचायत सचिवों को नदी के जलस्तर और आसपास की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

एसडीएम ने निर्देशित किया है कि यदि किसी घर में पानी घुसने की स्थिति बनती है तो तत्काल परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों के सामुदायिक भवन और सामाजिक भवनों को आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को ठहराने के लिए खाली रखने के निर्देश दिए गए हैं।

तहसीलदारों को भी खारुन नदी किनारे स्थित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने किकिरमेटा, चूलगहन, निपानी, ओदरागहन, खपरी, अकताई, कौही, केसरा, बोरंडा, तरीघाट, सोनपुर, सीपकोना सहित नदी किनारे स्थित अन्य गांवों में भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से भी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहने और नदी तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की गई है।