पाटन। खारुन नदी में लगातार बढ़ते जलस्तर के चलते ठाकुराइन टोला में नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। नदी के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर की आखिरी सीढ़ी तक पानी पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने से आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

बाढ़ के पानी को देखते हुए ठाकुराइन टोला की तरफ से लक्ष्मण झूला में प्रवेश बंद कर दिया गया है। प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा लोगों से अपील की जा रही है कि नदी में पानी अधिक होने के कारण लक्ष्मण झूला की ओर न जाएं।

खारुन नदी का बढ़ता जलस्तर और बाढ़ का नजारा देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई है।







