खुड़मुड़ा हत्याकांड : कोर्ट में सुनवाई अंतिम चरण में, अब तक 20 लोगों की गवाही,  गुजरात के फॉरेंसिंक लैब वैज्ञानिक का भी होगा बयान, 5 साल पहले जमीन विवाद, अवैध संबंधों में सोनकर परिवार के 4 सदस्यों की हुई थी हत्या

पाटन। अमलेश्वर के खुड़मुड़ा गांव में  पांच साल पहले हुए एक परिवार पर ब्लाइंड मर्डर की सुनवाई कोर्ट में भी चल रही है। दो दिन पहले लोक अभियोजक शेखर वर्मा ने  आरोपियों का ब्रेन मैपिंग और पॉलिग्राफी टेस्ट करने वाले वैज्ञानिकों के बयान कराने कोर्ट में आवेदन लगाया है। दोनों टेस्ट रिपोर्ट के आधार ही पुलिस ने हत्यारों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इसी रिपोर्ट को वैज्ञानिक नी साक्ष्य मानकर’ जांच आगे बढ़ाई थी। इसलिए दोनों वैज्ञानिकों को साक्ष्य सूची में शामिल करने का आवेदन कोर्ट में पेश किया गया है। अब गुजरात के गांधी नगर स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब के वैज्ञानिक डॉ. एचआर शाह और एचवी आचार्य के बयान होंगे। दोनों को सूचना दे दी गई है। इसके पहले हत्या की जांच करने वाले टीआई वीरेंद्र श्रीवास्तव का बयान होना था, लेकिन स्वास्थगत कारणों से नहीं हो पाया है। पूरे मामले में करीब 20 लोगों की गवाही भी हो चुकी है। हत्याकांड की सुनवाई अपने अंतिम दौर में है। अगली सुनवाई 11 जून को है। हत्याकांड को जमीन विवाद और अवैध संबंधों के चलते अंजाम दिया गया था। लोक अभियोजक के मुताबिक 20 दिसंबर 2020 की देर रात खुड़मुड़ा निवासी रोहित, उसके पिता बालाराम, मां दुलारी बाई और पत्नी कीर्तन बाई की हत्या कर दी गई। घटना के दौरान रोहित का 11 वर्षीय बेटा दुर्गेश भी मौके पर पहुंच गया। हत्यारों ने उसके साथ भी मारपीट की थी। प्राथमिक तौर पर घटना का प्रत्यक्षदर्शी एकमात्र वही है। करीब 80 दिन बाद पुलिस ने ब्रेन मैपिंग और पॉलीग्राफ टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर हत्याकांड में शामिल आरोपी योगेश सोनकर उर्फ महाकाल, रोहित सोनकर उर्फ रोहित मौसा, गंगा सोनकर उर्फ बिड्डल, नरेश सोनकर और निर्मला सोनकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी योगेश बाद में सरकारी गवाह बन गया था। वकील राजेश मिश्रा, निर्मला और गंगा की ओर से पैरवी कर रहे हैं। वहीं योगेश की ओर से मिथलेश शुक्ला, रोहित सोनकर की पैरवी अहमद सिद्दिकी और नरेश सोनकर की पैरवी वकील राजकुमार तिवारी कर रहे हैं। पुलिस ने संदेह के आधार पर 11 लोगों का नार्को टेस्ट कराया था। आरोपी गंगा, मृतक रोहित का भाई है। वहीं निर्मला, गंगा की पत्नी है। जबकि आरोपी रोहित, गंगा और निर्मला का मौसा ससुर है।