स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति से गूंजा कोड़ापुरी, हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

पंडरिया।ब्लाक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ापुरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच सोनकली यशवंत चंद्राकर एवं अध्यक्षता SMC अध्यक्ष देवचन्द साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व SMC अध्यक्ष प्रीतम चंद्राकर, उपसरपंच वीरेन्द्र चंद्राकर, SMC सदस्य सती शिव साहू, उर्मिला ऋषि निर्मलकर एवं श्रीमती हेमलता चंद्राकर उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट-गाइड दल द्वारा अतिथियों को सलामी देकर किया गया।

इसके पश्चात राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन, ध्वजपूजन एवं ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीत एवं प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग भर दिया।मुख्य अतिथि सरपंच सोनकली यशवंत चंद्राकर ने संक्षिप्त संदेश देते हुए कहा कि “विद्यार्थी मन लगाकर पढ़ें, अनुशासन में रहें और अपने विद्यालय व देश का नाम रोशन करें।”SMC अध्यक्ष देवचन्द साहू ने विद्यार्थियों को मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।प्राचार्य बसंत डोरे ने विद्यालय की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, परीक्षा परिणाम बेहतर करने, सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए निर्धारित लक्ष्यों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी।व्याख्याता दिनेश तिवारी ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत एवं लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में SMC अध्यक्ष देवचन्द साहू एवं सरपंच सोनकली यशवंत चंद्राकर द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देने की घोषणा की गई।कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन शैलेष तिवारी द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की प्रत्येक कड़ी को क्रमबद्ध रूप से प्रस्तुत करते हुए समारोह को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।अंत में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों को मिष्ठान वितरण किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं विद्यालय के विकास के संकल्प के साथ हुआ।