कुम्हारी
प्रदेश सहित कुम्हारी स्थित सेवा सहकारी समिति में धान खरीदी शुरू हुए दो सप्ताह बीत चुके है। लेकिन कुम्हारी ख़रीदी केंद्र में जगह की कमी व ऑनलाइन टोकन को लेकर किसान परेशान है। इन दिनों कुम्हारी सोसायटी में धान की बंफर आवक होने के कारण पूरा ख़रीदी केंद्र धान से भर गया है। अब स्थिति यह है कि जिस किसान का धान बेचने के लिए पहले से टोकन है। वह भी ख़रीदी केंद्र में जगह नही होने के कारण उपज नही बेच पा रहा है। वहीं पहले से टोकन को लेकर समस्या झेल रहे किसानों के लिए अब जगह को लेकर और समस्या उत्पन्न हो गई है।
हालांकि समिति प्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया कि खरीदे गए धान का उठाव नही होने से खरीदी केंद्र धान से भर गया किसानों की समस्या को देखते हुए महामाया मार्ग स्थित उप खरीदी केंद्र में किसानों का धान ख़रीदा जाएगा जिनकी तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं समिति प्रभारी बसंत साहू ने बताया कि किसानों को समिति प्रबंधन द्वारा हर संभव मदद किया जा रहा है प्रत्येक किसानों को मैनुअल टोकन से दिया जा रहा है।
वहीं मौसम की बेरुखी को देखते हुए फड़ में धान की सुरक्षा के लिए उपयुक्त संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। अब तक समिति प्रबंधन द्वारा 126 किसानों से 5724 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। जिसके लिए समर्थन मूल्य के हिसाब से 1 करोड़ 31 लाख 70 हजार 664 रुपये की राशि का भुगतान किया गया। हालांकि किसानों से 33 लाख 84 हजार 685 रुपये की ऋण वसूली की गई है। ऋण वसूली के बाद 93 लाख 9 हजार 66 रुपये किसानों के खातों में हस्तांतरित कर दी गई है।
सर्वर की समस्या के चलते किसान नही ले पा रहे टोकन
धान बेचने के लिए बनाए गए ऐप’ टोकन तुंहर हाथ’ में सर्वर की समस्या के चलते किसानों को टोकन नही मिल रहा है। कपसदा निवासी किसान विश्वनाथ साहू ने बताया कि उसे 60 क्विंटल धान का उपज बेचना है। लेकिन अब तक उसे ऐप में सर्वर नही होने के कारण ऑनलाइन टोकन नही मिला है। सोसायटी आया तो 40 प्रतिशत धान बेचने के लिए मैनुअली टोकन दिया गया। बाकी 60 प्रतिशत उपज के लिए और समय का इंतजार करना होगा प्रदेश में बारिश की पूर्ण संभावना है उपज की सुरक्षा के साथ सुखत कि दोहरी समस्या उत्पन्न हो रही है।
ऑनलाइन टोकन नही मिल रहा च्वॉइस सेंटरों के चक्कर लगा रहे किसान
कपसदा निवासी किसान रामकुमार साहू ने बताया कि वे टोकन के लिए च्वॉइस सेंटर के चक्कर लगा रहे है लेकिन उनका टोकन नही कट रहा है। उसे 170 क्विंटल धान बेचना है। सोसायटी में भी मैनुअल तरीके से छोटे किसानों का ही टोकन कट रहा है।
993 किसानों से लगभग 37 हजार क्विंटल धान की होगी खरीदी
कुम्हारी सेवा समिति में 993 किसानों से लगभग 37 हजार क्विंटल धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी लेकिन बीते दो सप्ताह में महज 126 किसानों से 5724 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। जबकि टोकन नही मिलने से मात्र 186 किसानों का टोकन कट पाया है।
मनोज वर्मा को बनाया गया है प्राधिकृत अधिकारी
उप रजिस्टार सहकारी सोसायटीज दुर्ग के एक आदेश के अनुसार मनोज वर्मा को सेवा सहकारी समिति कुम्हारी का प्राधिकृत अधिकारी के रूप में मनोनीत किया गया है इससे पहले भी मनोज वर्मा सेवा सहकारी समिति कुम्हारी के अध्यक्ष पद पर रह चुके है। उन्हें सोसायटी के अध्यक्ष नियुक्त होने पर क्षेत्र के किसानों ने बधाई दी। बता दे कि इससे पहले कांग्रेस के समर्थित सदस्य पदस्थ थे।