रसमड़ा में धूमधाम से मनाया गया लघु उद्योग भारती का स्थापना दिवस,मुख्य पर्यावरण अधिकारी अनीता सावंत रहीं मुख्य अतिथि, औद्योगिक विकास पर दिया जोर

अंडा।दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के रसमड़ा  में  लघु उद्योग भारती, दुर्ग इकाई का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य पर्यावरण अधिकारी एवं वैज्ञानिक श्रीमती अनीता सावंत उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में लघु उद्योगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ जोड़कर सतत विकास की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती दुर्ग इकाई के अध्यक्ष  संजय मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि एल. यू. बी. का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के प्रत्येक उद्यमी को नीति, तकनीक और बाजार से जोड़कर ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सपने को साकार करना है।
    कार्यक्रम का संचालन सचिव  ओम प्रकाश रजक ने कुशलतापूर्वक किया। वरिष्ठ सदस्य  सी.पी. कुशवाहा  ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। आभार प्रदर्शन प्रांतीय कोषाध्यक्ष  अनिल बाकलीवाल द्वारा किया गया।
उद्योगपतियों की रही विशेष उपस्थिति  
समारोह में रसमड़ा, उरला, जोरा-तराई औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों एवं व्यवसायियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रमुख रूप से श्री प्रिंट के संचालक संजय मिश्रा, प्रकाश पैनल के ओम प्रकाश रजक, माइक्रोटेक इंजीनियरिंग के रमेश कुमार जांगड़ा, वरिष्ठ सदस्य सी.पी. कुशवाहा, मथारू क्रेन के विक्की माथारू, बेगानी फूड्स के प्रीतेश बेगानी, फ्लाई ऐश कंपनी के युवराज तिवारी, नट-बोल्ट कंपनी के एस.के. केशकर एवं हर्ष चंदोरकर विशिष्ट रूप से शामिल हुए। मुख्य अतिथि अनीता सावंत ने लघु उद्योग भारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एम. एस. एम. ई. सेक्टर ही प्रदेश की रीढ़ है और पर्यावरण-अनुकूल तकनीक अपनाकर उद्योग जगत नई ऊंचाइयां छू सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उद्यमियों ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा स्थानीय उद्योगों की समस्याओं को सामूहिक रूप से शासन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।