भिलाई के नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित बीएसपी क्वार्टर में अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बीएसपी क्वार्टर क्रमांक-9-ए, डीएवी स्कूल के सामने सेंट्रल एवेन्यू रोड निवासी दीप जायसवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि नंदिनी क्षेत्र में उनकी आयल-ग्रीस की दुकान है तथा वे जैक बनाने का भी कार्य करते हैं। 16 जून को परिवार सहित अपने पैतृक गांव करसाईपुर, जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) गए थे।
29 जून को पड़ोसी ने फोन कर घर का दरवाजा टूटा होने की सूचना दी। इसके बाद वे तत्काल नंदिनी पहुंचे और 30 जून को घर पहुंचने पर देखा कि मकान का ताला और अलमारी टूटी हुई थी तथा सामान बिखरा पड़ा था।
चोर घर से करीब 6 लाख 48 हजार 250 रुपये नकद, सोने की चेन, सिलक्का, मांग टीका, टॉप्स तथा चांदी का कमरबंध, पायल, बिछिया सहित अन्य कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। इसके अलावा दुकान में उपयोग होने वाले एलआईसी ट्रैक्टर कंप्रेसर, नई-पुरानी बैटरियां, आयल-ग्रीस और अन्य सामान भी चोरी हो गया।
नंदिनी थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।






