रायपुर।छत्तीसगढ़ से बीजेपी प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन ली गई हैं।

छत्तीसगढ़ से बीजेपी प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन ली गई हैं। दोनों नेत्री सोमवार को प्रमाण पत्र लेने विधानसभा भवन पहुंचीं। इस दौरान दोनों सांसदों ने मिठाई खिलाकर और गले लगाकर एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। इस मौके पर बीजेपी और कांग्रेस के नेता मौजूद रहे। सभी ने दोनों नेत्रियों को बधाई और शुभकामनायें दी हैं।

नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष में मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद के उच्च सदन राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं, विकास से जुड़े मुद्दों और आमजन की अपेक्षाओं को सशक्त रूप से रखने में लक्ष्मी वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

पहली बार दोनों पार्टी से महिला उम्मीदवार
ऐसा पहली बार है जब राज्यसभा चुनाव के लिए पहली बार दोनों पार्टियों ने महिला को उम्मीदवार बनाया है। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की पांच सीटें हैं। फिलहाल पांच से अब तीन सांसद महिला रहेंगी। हालांकि कांग्रेस की रंजीता रंजन का कार्यकाल मई में खत्म हो जाएगा। छत्तीसगढ़ में अब तक पांच में से चार सांसद कांग्रेस के थे, लेकिन अब बीजेपी की संख्या बढ़ेगी। बीजेपी के सदन में दो सदस्य हो जाएंगे, जबकि कांग्रेस के तीन सदस्य हैं। इस बार दोनों ही पार्टियों ने जातिगत और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते प्रत्याशी का चयन किया था।
बड़ी और खास बात ये है कि दोनों ही महिला नेत्रियों ने साल 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदार की थी, लेकिन पार्टी ने दोनों को मौका नहीं दिया था। अब राज्यसभा के लिए भेजकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। फूलोदेवी नेताम बस्तर से हैं और कांग्रेस की बड़ी महिला चेहरा हैं। वह लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई है। इसके साथ ही वह छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। वहीं बीजेपी की लक्ष्मी वर्मा पार्टी में लंबे समय से प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी देख रही हैं। वह रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष भी रह चुकी है। अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए भेजा है।





