फौज में सेवारत भाई के जगह दुसरे की खड़ा कर करा दिया जमीन की रजिस्ट्री, जांच के बाद अपराध दर्ज, पाटन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार

पाटन। थाना पाटन क्षेत्र के ग्राम कुम्हली में संयुक्त स्वामित्व वाली कृषि भूमि की बिक्री के लिए अपने सगे भाई के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को प्रस्तुत कर धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था, जिसकी तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुम्हली निवासी प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बड़े भाई ने भारतीय सेना में पदस्थ अपने सगे भाई के स्थान पर अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर संयुक्त नाम की कृषि भूमि का विक्रय कर दिया। मामले की जांच के बाद थाना पाटन में अपराध क्रमांक 42/2023 के तहत धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी एवं 34 भारतीय दण्ड संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर 7 जून 2026 को घेराबंदी कर आरोपी ईश्वर दास (60 वर्ष), निवासी महादेवघाट, रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि संयुक्त स्वामित्व वाली कृषि भूमि के विक्रय के लिए वास्तविक सह-स्वामी के स्थान पर अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने का प्रयास किया गया था।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि भूमि या किसी भी संपत्ति के क्रय-विक्रय से पूर्व संबंधित दस्तावेजों, स्वामित्व अभिलेखों तथा पहचान संबंधी जानकारी का भली-भांति सत्यापन अवश्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।