आसमानी कहर – तालाब निर्माण कार्य के दौरान वज्रपात, तीन मजदूरों की मौत, पांच घायल, घटना के समय 80 मजदूर काम कर रहे थे, भगदड़ की स्थिति बनी

कांकेर।।
भानुप्रतापपुर में गुरुवार को आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी। मनरेगा के तहत चल रहे तालाब निर्माण कार्य के दौरान अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार कार्यस्थल पर 70 से 80 ग्रामीण मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही कई लोग जमीन पर गिर पड़े और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।