आकाशीय बिजली गिरने से देवादा में आधी बस्ती अंधेरे में, ट्रांसफार्मर, इंसुलेटर और तार जले, उमस से परेशान ग्रामीण, अभी भी नहीं सुधरी व्यवस्था

पाटन। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मभूमि ग्राम देवादा में शनिवार रात आकाशीय बिजली गिरने के बाद आधी बस्ती अंधेरे में है। बिजली व्यवस्था बाधित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात तेज कड़कड़ाहट के साथ गांव के एक ट्रांसफार्मर पर आकाशीय बिजली गिर गई। इससे ट्रांसफार्मर के साथ इंसुलेटर और बिजली के तार भी जल गए। घटना के बाद से देवादा की आधी बस्ती में बिजली आपूर्ति बंद है।

बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए बिजली विभाग की टीम रविवार सुबह से व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी हुई है। ट्रांसफार्मर और अन्य जले हुए उपकरणों को ठीक करने का काम किया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी।

बिजली बंद होने के कारण उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था बहाल किए जाने की मांग की है।