पोरा तिहार मनाकर किया भोजली का विर्सजन
पोला पर्व पर विविध आयोजन
अर्जुनी. समिति स्थित ग्राम मल्दी में पोरा का तिहार हर्षोंल्लास के साथ मनाया गया। रामधुनी के साथ गांव के नवयुवकों द्वारा ग्राम मल्दी के इंदिरा कॉलोनी, डिपरा पारा एवं मावली चौक में स्थापित भोजली का विसर्जन पूजा पाठ के साथ शोभायात्रा निकालकर गली भ्रमण करते हुए विसर्जन तालाब में किया गया। भोला वर्मा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ने बताया कि उनके गांव में प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी बैल दौड़ का आयोजन किया गया था।
ग्रामीण अंचलों में बैल पूजा का पर्व पोला तिहार आज पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। यह पर्व खासकर कृषक समाज का प्रमुख त्यौहार है, जिसमें किसान अपने बैलों की पूजा-अर्चना कर उन्हें सजाकर सम्मानित करते हैं।
सुबह से ही किसानों ने अपने बैलों को स्नान कराकर रंग-बिरंगे कपड़े, गहने, फू-मालाओं एवं चित्रकारी से सजाया। बैलों के सींगों को रंगा गया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर गांव की गलियों में उन्हें घुमाया गया। महिलाएं और बच्चे भी पूरे उत्साह के साथ इस पर्व में शामिल हुए।
पूजा-अर्चना के बाद किसानों ने बैलों को मीठा खिलाकर धन्यवाद दिया। क्योंकि यही बैल खेती-किसानी में उनका मुख्य सहायक होते हैं। जगह-जगह मेलों, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय बना रहा।
बैल दौड़ में प्रथम पुरस्कार शेखर ध्रुव पिता महेश ध्रुव, द्वितीय पुरस्कार भगवती यादव को प्रदान किया गया। ग्राम के सरपंच भारती राकेश वर्मा के द्वारा बैल दौड़ के विजेताओं को नगद राशि पुरस्कार स्वरूप दिया गया। इस अवसर पर राकेश वर्मा, सुनील वर्मा, तोरण वर्मा, पुरुषोत्तम वर्मा, गंगा प्रसाद वर्मा, संतोष वर्मा सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।







