साक्षरता की अलख : हाई स्कूल सोमनापुर नया के 19 छात्रों को बोर्ड परीक्षा में मिलेंगे 10 अंक बोनस

पंडरिया ।विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर नया में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकार की एक नई इबारत लिखी गई है। विद्यालय के उत्कृष्ट व्याख्याता संतोष कुमार साहू की प्रेरणादायक पहल के चलते, कक्षा 10 वीं में अध्ययन करने वाले 19 विद्यार्थियों को हाई स्कूल सर्टिफिकेट बोर्ड परीक्षा 2026 में 10 अंक बोनस प्रदान किए जाएंगे। इसी तरह से 12 वी मे अध्ययनरत चार विद्यार्थियो को भी 10 अंक बोनस मिलेगा।यह अंक छात्रों के अंकसूची में जुड़ेंगे।इन छात्रों ने ‘उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत ‘स्वयंसेवी शिक्षक’ की भूमिका निभाते हुए अपने गाँव के 15 वर्ष से अधिक उम्र के असाक्षरों को साक्षर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
विकासखंड परियोजना अधिकारी श्री शत्रुघ्न प्रसाद डड़सेना ने बताया कि शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर के शिक्षकों द्वारा पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को विविध शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का यह प्रयास अन्य विद्यालयों के लिए भी अनुकरणीय है।
इस अभियान को सफल बनाने में केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरी टीम ने एकजुट होकर कार्य किया। इसमें व्याख्याता योगेश कुमार गुरुदिवान, महेंद्र कुमार,ज्योति ध्रुव, , शिक्षिका प्रतिमा शर्मा, प्रधानपाठक रमेश कुमार बंजारा और मनीषा मार्को ने विशेष सहयोग प्रदान किया। इन शिक्षकों के मार्गदर्शन में ही छात्र अपने गाँव के बुज़ुर्गों और निरक्षरों को शिक्षा से जोड़ पाए।
इस उपलब्धि पर जिला परियोजना अधिकारी देवराज सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एम.के. गुप्ता, , ब्लॉक परियोजना अधिकारी शत्रुघ्न प्रसाद डड़सेना ,एबीओ श्री रामचंद्र साहू और अवनीश जायसवाल ने प्रसन्नता व्यक्त की है। ग्राम पंचायत के सरपंच भूपेन्द्र पटेल, जनप्रतिनिधि एवं पालकों ने भी स्कूल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के भविष्य के लिए एक सकारात्मक कदम बताया है।