भिलाई । मंगलवार को घटित दुर्ग की घटना ने प्रदेश भर में सनसनी फैला दी है। आरोपितों को तलाश में महाराष्ट्र गई क्राइम ब्रांच की टीम ने तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया। दो फरार हो गए। दुर्ग एसपी ने इस खबर की पुष्टी करते हुए कहा कि पूछताछ के बाद पूरा मामला सामने आएगा। शुक्रवार तक आरोपितों को भिलाई लाया जा सकता है। पुलिस को सीसी टीवी फुटेज में अहम सुराग मिला था। वहीं एक स्थानीय संदेही से भी पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।

बता दें कि चावल व्यापारी विनित गुप्ता मंगलवार दोपहर 12 बजे पारख कांपलेक्स स्थिति अपने दफ्तर में बैठकर हिसाब किताब देख रहे थे। तभी कांपलेक्स के सामने एक काले रंग की स्कार्पियों वाहन रुकी। उसमें से पांच लोग उतरे। सीधे विनित गुप्ता के दफ्तर पहुंचे। खुद को दिल्ली इडी का अधिकारी बताया। जरुरी दस्तावेजों की जांच की बात करने लगे। विनित गुप्ता घबरा गया। आरोपित पूछताछ के नाम पर तकरीबन 10 मिनट तक विनित गुप्ता के दफ्तर में रुके। विनित गुप्ता की टेबल पर काले रंग का बैग पड़ा था। जिसमें दो करोड़ रुपये नकद रखे हुए थे। विनित ने यह रुपये किसी व्यापारी को देने के लिए निकाल कर रखे थे। विनित गुप्ता के हवाले से मोहन नगर थाना पुलिस ने बताया कि तभी एक आरोपित ने बैग उठा लिया। आरोपितों ने उसे पूछताछ के लिए अपने साथ चलने के लिए। आरोपितों ने विनित को स्कार्पियों में बिठाया तथा उसे लेकर राजनांदगांव की तरफ चल पड़े। विनित के मुताबिक आरोपित उसे सोमनी टोल प्लाजा के पहले छोड़कर राजनांदगांव की तरफ चले गए।
सीसी टीवी फुटेज व संदेही से मिले थे अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने पारख कांपलेक्स में लगे सीसी टीवी फुटेज खंगाला। सीसी टीवी फुटेज में अहम सुराग मिले हैं। वहीं हिरासत में लिए गए संदेही से भी कुछ जानकारी पुलिस के हाथ लगी थी। इसी जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम को मुंबई महाराष्ट्र रवाना किया गया था। बुधवार व गुरुवार की सघन तलाशी के बाद आखिरकर क्राइम ब्रांच पुलिस को सफलता मिली। गुरुवार शाम पुलिस ने तीन आरोपितों को पकड़ा लिया। दो आरोपी भागने में सफल हो गए। पुलिस उनसे रकम के बारे में पूछताछ कर रही है। शुक्रवार तक आरोपितों को भिलाई लाया जा सकता है। वहीं फरार दो अन्य आरोपितों को पकड़ने पुलिस की एक टीम लगातार विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है।
वर्शन
तीन आरोपित मुंबई से पकड़े गए हैं। उसने पूछताछ की जा रही है। दो लोग फरार हो गए है। उनकी भी तलाश की जा रही है। रकम की रिकवारी का प्रयास किया जा रहा है।
शलभ कुमार सिन्हा, एसपी दुर्ग