Pankaj Dheer Passed Away: ‘महाभारत’ फेम अभिनेता पंकज धीर का 68 साल की उम्र में निधन हो गया है। बुधवार सुबह उनके निधन की खबर ने सभी को हैरान कर दिया। उनके दोस्त फिरोज खान ने फैंस को उनके निधन की जानकारी दी है।
बी आर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर का 68 साल की उम्र में निधन हो गया है। अमर उजाला से इस खबर की पुष्टि ‘महाभारत’ में ही अर्जुन का किरदार निभाने वाले अभिनेता फिरोज खान ने की। पंकज का निधन बुधवार (15 अक्तूबर) सुबह 11:30 बजे हुआ। फिलहाल उनके निधन की खबर सुनकर हर कोई हैरान है। उनका अंतिम संस्कार शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा।
कैंसर के चलते हुआ निधन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पंकज धीर का निधन कैंसर की वजह से हुआ। कुछ समय पहले उन्होंने कैंसर को हराया था लेकिन कुछ समय के बाद उनका कैंसर फिर से लौट आया। वो पिछले काफी समय से इसी के चलते बीमार चल रहे थे।
नितिश भारद्वाज ने जताया दुख
महाभारत में कृष्ण का किरदार निभा चुके अभिनेता नितिश भारद्वाज ने पोस्ट करते हुए दुख जाहिर किया है। उन्होंने पंकज धीर की तस्वीर साझा करते हुए लिखा- ‘एक न एक दिन हम सभी को इस दुनिया से जाना ही होता है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी यह है कि हम ऐसा जीवन जिएं कि दुनिया हमें प्यार और सम्मान के साथ याद करे। टीम ‘महाभारत’ ने एक और अनमोल रत्न खो दिया है-एक ऐसे कलाकार को, जो संवेदनशील, मजबूत व्यक्तित्व वाले, उत्कृष्ट हास्यबोध और सोने जैसे दिल के मालिक थे। भारतीय साहित्यिक धरोहर के पहले ‘एंग्री यंग मैन’ अब हमारे बीच नहीं रहे। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को सद्गति और शाश्वत शांति प्राप्त हो।







