महुदा  के ग्रामीणों ने ग्रामसभा लेकर अवैध शराब व नशे के खिलाफ खोला मोर्चा, एसपी को सौंपा ज्ञापन

पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत महुदा के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामसभा ने क्षेत्र में बढ़ती अवैध शराब, गांजा तथा अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक दुर्ग को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामसभा द्वारा सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और अवैध कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम महुदा एवं आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध देसी-विदेशी शराब, गांजा एवं अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है। इसके चलते गांव का माहौल खराब हो रहा है तथा स्कूल, मंदिर, सार्वजनिक तालाब और प्रमुख चौक-चौराहों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नशे के बढ़ते प्रचलन के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और गांवों में घरेलू हिंसा, गाली-गलौज तथा मारपीट की घटनाओं में भी वृद्धि हुई है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत महुदा ने विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया, जिसमें उपस्थित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एकमत होकर अवैध कारोबार को बंद कराने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामसभा ने पुलिस प्रशासन से मुख्य नशा तस्करों की पहचान कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त, अवैध कारोबार को संरक्षण देने वालों की जांच तथा शिकायत करने वाले ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो ग्राम पंचायत, महिला समूहों और ग्रामीणों द्वारा आंदोलन एवं प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन से त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।