राजू वर्मा

पाटन।संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मर्रा के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय कृषि शिक्षा एक्रेडिटेशन बोर्ड द्वारा महाविद्यालय को ‘ए’ ग्रेड एक्रेडिटेशन प्रदान किया गया है।

एक्रेडिटेशन प्रक्रिया के अंतर्गत महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक कार्यक्रमों, शिक्षण-अधिगम व्यवस्था, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। यह सम्मान महाविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रभावी शिक्षण व्यवस्था, अनुसंधान गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।

महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे शिक्षकों, गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास तथा माननीय कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करेगी।
डॉ. वर्मा ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक एवं आधुनिक कृषि शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ अनुसंधान, नवाचार एवं नवीन कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए समस्त शिक्षकगण, गैर-शिक्षकीय कर्मचारी एवं विद्यार्थियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि ‘ए’ ग्रेड एक्रेडिटेशन महाविद्यालय के लिए गौरव के साथ-साथ भविष्य में और बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी भी है। यह उपलब्धि महाविद्यालय को कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।







