पाटन। दक्षिण पाटन क्षेत्र में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध रेत कारोबार पर आखिरकार राजस्व विभाग ने कड़ा प्रहार किया है। एसडीएम पाटन के निर्देश पर तहसीलदार पवन सिंह ठाकुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे चार हाइवा को पकड़ लिया। इसके साथ ही मिट्टी खोदकर रेत निकालते हुए एक जेसीबी और एक अन्य हाइवा पर भी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से हाइवा के माध्यम से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही थी, जिससे रेत माफियाओं के हौसले बुलंद थे। लेकिन राजस्व विभाग की इस सख्त कार्रवाई ने अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी गतिविधि के बावजूद खनिज विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लंबे समय से चल रहे इस अवैध खेल पर संबंधित विभाग की नजर क्यों नहीं पड़ी?
कार्रवाई के दौरान पकड़ी गई सभी गाड़ियों को रानी तराई थाना के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उन्हें खड़ा कराया गया है। प्रशासन की इस सख्ती से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध खनन और परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह नियमित कार्रवाई होती रही तो अवैध रेत कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सकती है। फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में खलबली मची हुई है।







