खाद की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, जिला में तीन कारोबारियों पर कार्रवाई, कृषि सेवा केंद्र पाटन के संचालक रूपेश कश्यप पर मामला दर्ज

दुर्ग। जिले में खाद की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए पाटन, कुम्हारी और अंडा क्षेत्र के तीन कृषि सेवा केंद्र एवं गोदाम संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कराया है। कार्रवाई कृषि विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।

पाटन पुलिस के अनुसार कृषि अधिकारी पुष्पा रामटेके की शिकायत पर मेसर्स कृषि सेवा केंद्र के संचालक रूपेश कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच में दुकान से खाद, यूरिया और डीएपी निर्धारित सरकारी दर से अधिक कीमत पर बेचने की पुष्टि हुई।

इसी प्रकार कुम्हारी क्षेत्र में कृषि अधिकारी सरिता साहू की शिकायत पर मेसर्स ऋषभराज फर्टिलाइजर के संचालक मनीष गुप्ता के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया गया है। जांच में किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने का मामला सामने आया।

वहीं अंडा क्षेत्र में कृषि अधिकारी सुचित्रा दुबारी की शिकायत पर गोदाम संचालक वरुण त्रिपाठी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान गोदाम में जैव उर्वरक एवं कीटनाशकों के निर्माण में उपयोग होने वाले कच्चे माल तथा तैयार उत्पाद का अवैध भंडारण मिलने का आरोप है।

पुलिस ने तीनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।