अंडा। दुर्ग जिले के थाना अंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अवैध गुटखा निर्माण और पैकेजिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध गुटखा निर्माण इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और मौके से भारी मात्रा में गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, कच्चा माल और पैकेजिंग सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना अंडा क्षेत्र के कुथरेल और अंडा में अवैध रूप से गुटखा निर्माण और पैकिंग का काम किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना अंडा पुलिस और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से पाउच पैकिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, सुपारी-तंबाकू मिश्रित कच्चा माल, गुटखा पैकिंग रोल, बोरा सिलाई मशीन और बड़ी मात्रा में तैयार गुटखा बरामद किया।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 63/2026 एवं 64/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस और 63 कॉपीराइट एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों के रहने वाले बिरेन्द्र तिवारी, सुभाष कुमार गौतम, सुनील कुमार राजपूत, करण राजपूत, राजू मस्ताना, राजकुमार यादव, रमेश कुमार निषाद, सतेन्द्र कुमार यादव, सोनू यादव और बसंत राजपूत शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गुटखा निर्माण और पैकेजिंग का अवैध कारोबार चला रहे थे। दोनों मामलों में कुल 2 लाख 34 हजार 500 रुपये की मशीनें और अन्य सामग्री जब्त की गई है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्पादों के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।






