रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कबीर नगर क्षेत्र से दो आरोपियों को प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.01 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन तथा कुल लगभग 3.45 लाख रुपये की मशरूका जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 261/25 धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि कबीर नगर के एलआईजी 02/20 मकान में हरप्रीत कौर नामक महिला घर में हेरोइन रखकर बिक्री की तैयारी कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान पलंग के दराज से प्लास्टिक जिपर थैली में रखी 16.01 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में हरप्रीत कौर ने बताया कि यह मादक पदार्थ उसका पति जोधा सिंह पंजाब से लेकर आया था।
पुलिस ने मौके से हरप्रीत कौर को गिरफ्तार कर उससे हेरोइन और एक मोबाइल फोन जब्त किया। इसी दौरान जोधा सिंह भी वहां पहुंच गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उससे भी मोबाइल फोन जब्त कर दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों में हरप्रीत कौर (31 वर्ष) और जोधा सिंह (28 वर्ष), दोनों निवासी एलआईजी-2/20 कबीर नगर, थाना कबीर नगर, रायपुर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






