सहकारिता विभाग में बड़ा फेरबदल: कांग्रेस से विधायक के लिए टिकिट मांगने वाले पूर्व कर्मचारी संघ अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण चंद्राकार सहित 09 पर्यवेक्षकों का तबादला, सूची में पूर्व सीएम भूपेश बघेल समर्थक युवा नेता के पिता का भी नाम शामिल

पाटन। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अंतर्गत सहकारिता विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत पूर्व कर्मचारी संघ अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण चंद्राकार सहित कुल 09 पर्यवेक्षकों का तबादला किया गया है। इस कार्रवाई के बाद सहकारिता विभाग और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जानकारी के अनुसार, पाटन ब्लॉक में पदस्थ पर्यवेक्षक एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अधिकारी-कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण चंद्राकार को नवागढ़ ब्लॉक स्थानांतरित किया गया है। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की ओर से विधायक टिकट की दावेदारी भी की थी। इसी कारण उनके तबादले को लेकर विभिन्न तरह की राजनीतिक चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।

वर्तमान में प्रदेश में भाजपा सरकार है तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधि कार्यरत हैं। ऐसे में इस तबादला सूची को लेकर राजनीतिक विश्लेषण भी किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में पाटन मुख्य शाखा अंतर्गत समितियों के पर्यवेक्षक सुकालु वर्मा का तबादला बेरला ब्लॉक कर दिया गया है। सुकालु वर्मा को युवा कांग्रेस नेता भोला वर्मा देवादा वर्मा का पिता बताया जाता है तथा उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का समर्थक माना जाता रहा है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, इन दोनों नामों के अलावा अन्य आठ पर्यवेक्षकों का भी विभिन्न शाखाओं और ब्लॉकों में स्थानांतरण किया गया है। तबादला आदेश के बाद संबंधित कर्मचारियों को नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

सहकारिता विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को आगामी कार्य व्यवस्थाओं और प्रशासनिक आवश्यकताओं से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले कुछ कर्मचारियों के तबादले को लेकर चर्चाएं भी तेज हैं।