नगरी/सिहावा, बेलरगांव।प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति गेदरा के प्रबंधक रमेश कुमार साहने ने 38 वर्षों तक अपनी सेवाएं प्रदान करने के पश्चात आज सेवानिवृत्ति हुए। इस अवसर पर समिति द्वारा उनके सम्मान में गरिमामय सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन रंगमंच गेदरा में किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत गेदरा की सरपंच शारदा साक्षी महोदया रहीं तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष आनंदराम मंडावी जी ने की। कार्यक्रम में समिति के समस्त संचालक मंडल सदस्यगण, समस्त फड़मुंशीगण, प्रभारी प्रबंधक सुरेश कुमार साहू, रतावा समिति के प्रबंधक ललित कश्यप, बेलरगांव समिति के प्रबंधक रमेश पटेल, राजपुर समिति के प्रबंधक बलराम साहू सहित ग्राम के गणमान्य नागरिकों द्वारा मां सरस्वती जी की छाया चित्र पर माल्यार्पण अर्पित एवं पूजा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि सरपंच शारदा साक्षी महोदया, समिति अध्यक्ष आनंदराम मंडवी , सेवानिवृत्त हो रहे प्रबंधक रमेश कुमार साहने एवं उपस्थित समस्त अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर अपने उदबोधन में वक्ताओं ने रमेश कुमार साहने जी के 38 वर्षों के लंबे सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं प्रबंधकीय कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि श्री साहने जी ने लंबे समय तक समिति के कार्यों को पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निभाते हुए अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की हैं। उनका सेवाकाल एवं कार्यशैली समिति के लिए सदैव प्रेरणादायी एवं स्मरणीय रहेगा।
समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने रमेश कुमार साहने के सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके आगामी जीवन को सुखमय, स्वस्थ एवं आनंदमय होने की ईश्वर से कामना की गई।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं भावुक वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने रमेश कुमार साहने जी को सेवानिवृत्ति पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।






