पाटन। तहसील साहू संघ पाटन के तत्वावधान में जामगांव आर परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम भरर में 25 एवं 26 अप्रैल को दो दिवसीय भव्य कर्मा महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भक्त माता कर्मा की 1010 दीपों से सजी भव्य महाआरती के साथ हुई, जिससे पूरे वातावरण में श्रद्धा और उत्साह का संचार हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस मुख्य अतिथि भूपेश बघेल ने सामूहिक आदर्श विवाह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी हैं। इससे न केवल परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होता है, बल्कि सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में नई-नई विकृतियां उभर रही हैं, जिन्हें दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि साहू समाज ने अपनी दान राशि से विभिन्न गांवों में भवन निर्माण कर एकता और सहयोग की मिसाल पेश की है। साथ ही ग्राम पंचायत की मांग पर पुल निर्माण कार्य की स्वीकृति देने का आश्वासन भी दिया।
विशिष्ट अतिथि ताम्रध्वज साहू ने कहा कि समाज में हाल ही में स्थानीय से लेकर प्रदेश स्तर तक चुनाव संपन्न हुए हैं। ऐसे में पदाधिकारियों को घमंड और अहंकार से दूर रहकर विनम्रता के साथ कार्य करना चाहिए तथा अधिक से अधिक लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज की बुराइयों को दूर करना है और वर्तमान में प्री-वेडिंग जैसे नए चलन भी सामाजिक विकृति के रूप में उभर रहे हैं।
प्रदेश महासचिव राजेश साहू ने कहा कि न्याय प्रकोष्ठ की बैठकों में अंतरजातीय प्रकरणों की संख्या बढ़ रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और सभ्यता को बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष नंदलाल साहू ने कहा कि समाज की योजनाओं को प्रत्येक इकाई तक पहुंचाना पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल संख्या बल से नहीं, बल्कि गुणवत्ता से समाज मजबूत होता है। तहसील साहू संघ के अध्यक्ष लालेश्वर साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत सम्मान किया।






