पंडरिया-स्वामी आत्मानंद कोचिंग योजना के तहत मंगलवार को विकासखंड पंडरिया में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए नीट एवं जे.ई.ई.की कोचिंग का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा राज्य के 150 केंद्रों में नीट एवं जी की निशुल्क कोचिंग का वर्चुअली उद्घाटन मंगलवार 11 बजे किया गया।एससीईआरटी ,समग्र शिक्षा व पाठ्य पुस्तक निगम के समन्वित प्रयास से एलन कोचिंग इंस्टिट्यूट द्वारा ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा प्रत्येक केंद्र में प्रदान की जाएगी। पंडरिया में नीट एवं जी की कोचिंग के लिए स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल पंडरिया को केंद्र बनाया गया है। आफलाईन कोचिंग 25 सितंबर से ही प्रारंभ हो चुकी है, जिसका मंगलवार को विधिवत उद्घाटन मुख्यमंत्री के द्वारा वर्चुअली किया गया। यहां पर नीट एवं जी की कोचिंग के लिए विकासखंड पंडरिया के विभिन्न स्कूलों जैसे कि स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या पंडरिया ,शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंझेटा, खैरझिटी पुराना और अन्य स्कूलों के कक्षा बारहवीं में अध्ययनरत बच्चों का चयन किया गया है। जिन्होंने कक्षा दसवीं में 60% से अधिक अंक हासिल किया हो तथा विज्ञान या गणित विषय लेकर अध्ययन कर रहे हों। इनको प्रतिदिन 4:30 से 6:30 बजे तक जीव विज्ञान, गणित, भौतिक तथा रसायन विषयों की कोचिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन दी जाएगी । ऑनलाइन कोचिंग के लिए एलन कोचिंग इंस्टिट्यूट कोटा के विषय विशेषज्ञ पढ़ाएंगे । सभी विषयों के लिए नोडल शिक्षकों का चयन जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा किया गया है। जो विद्यार्थियों के विषयगत समस्याओं का निराकरण करेंगे। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल पंडरिया के प्राचार्य जी . आर . साहू ने बताया कि आनलाईन कोचिंग के लिए स्कूल में सेटअप स्थापित किया गया है। स्वामी आत्मानंद कोचिंग योजना के आनलाईन उद्घाटन के दौरान सेजेस प्राचार्य जी. आर. साहू, शा उ मा वि कन्या के प्राचार्य एन. के. एक्का, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अवनीश जायसवाल, नोडल शिक्षक चंद्र विजय जैन ,सी .पी . डाहिरे एवं मान सिंह यादव तथा विद्यार्थी गण उपस्थित थे।







